मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “साइबर सुरक्षित राजस्थान” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उदयपुर। राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “साइबर सुरक्षित राजस्थान” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजना गौतम ने की।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजना गौतम ने सभी पधारे हुए अतिथिगण का स्वागत किया व अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं साइबर जागरूक बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। आनलाईन कार्यो से बचना भी है और उपयोग में भी लाना है।

प्रोफेसर लाजवन्ती बनावत के निर्देशन में कार्यक्रम का आगाज हुआ। कार्यक्रम में ASI नाहर सिंह जी, श्रीमती पुष्पलता चौहान महिला सुरक्षा केंद्र, श्री दिव्य राज सिंह चौहान मास्टर ट्रेनर, तथा पुलिस कांस्टेबल निर्मा जी ने उपस्थित होकर छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक से होने वाले अपराधों तथा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

श्री दिव्य राज सिंह चौहान, मास्टर ट्रेनर ने साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, OTP एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।

श्रीमती पुष्पलता चौहान, महिला सुरक्षा केंद्र ने महिलाओं एवं छात्राओं की साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों तथा उपलब्ध सहायता एवं सुरक्षा तंत्र की जानकारी दी। ASI नाहर सिंह जी एवं पुलिस कांस्टेबल निर्मा जी ने साइबर अपराध की स्थिति में सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना संबंधित पुलिस विभाग को देने के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाना तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीनाक्षी माहुर, डॉ. सोनाली शर्मा, डॉ. श्वेता स्वामी एवं डॉ. तनुश्री भाटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

error: Content is protected !!