एड्स जागरूकता के संदेशों से सजे चेहरे, छात्राओं ने दिखाई अद्भुत कलात्मक प्रतिभा

उदयपुर। राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर के रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक रोचक एवं रचनात्मक फेस पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अत्यंत उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया तथा अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से एड्स जागरूकता से जुड़े विभिन्न संदेशों को चेहरों पर खूबसूरती से उकेरा।

छात्राओं ने रंगों, आकर्षक चित्रों एवं प्रभावशाली संदेशों के माध्यम से एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। चेहरों पर उकेरी गई कलाकृतियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना गौतम के मार्गदर्शन में तथा रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. रेहाना परवीन के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका एवं सह-प्रभारी डॉ. अंजू बेनीवाल रहीं।

प्रतियोगिता में निर्णायकगण के रूप में डॉ. कहानी भानावत, डॉ. मीनाक्षी माहुर एवं श्रीमती प्रज्ञा शर्मा ने छात्राओं की कलाकृतियों का अवलोकन करते हुए विषय की प्रासंगिकता, रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सीमा नागदा, द्वितीय स्थान दिशा लवानीया तथा तृतीय स्थान खुशी सोनी व उषा मेघवाल ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं का उत्साह देखते ही बना, फेस पेंटिंग के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि जागरूकता, सही जानकारी और संवेदनशील दृष्टिकोण के माध्यम से एचआईवी/एड्स से जुड़े भ्रम एवं भेदभाव को दूर किया जा सकता है।

कार्यक्रम में समिति सदस्य किरण पडियार सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे I

error: Content is protected !!