राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय में युवा सेतु कार्यक्रम की ओरिएंटेशन कार्यशाला आयोजित
उदयपुर। राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर में युवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत ओरिएंटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं का व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सहभागिता एवं ग्रामीण विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम के तहत छात्राएँ दो वर्षों तक महाविद्यालय परिसर की किसी एक समस्या के समाधान के लिए कार्य करेंगी। साथ ही, चयनित ग्राम पंचायत की समस्याओं के समाधान हेतु स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग प्रदान करेंगी।
इसके अतिरिक्त छात्राओं को अपने कौशल एवं दक्षता विकास के लिए विभिन्न ऑनलाइन एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम पूर्ण करने का अवसर भी मिलेगा।कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अंजना गौतम ने कहा कि इस पहल से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुरेश नागदा ने छात्राओं को महाविद्यालय परिसर की समस्याओं के समाधान के लिए नए-नए विचार प्रस्तुत करने तथा सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉ. सागर सांवरिया, डॉ. सुनील खटीक, डॉ. किरण मीणा, पायल बडाला, डॉ. मोनिका चौधरी एवं डॉ. मोहम्मद इब्राहिम उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि युवा सेतु कार्यक्रम राजस्थान सरकार के आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से संचालित किया जा रहा है।युवा सेतु कार्यक्रम छात्राओं को जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले सामाजिक समुदायों एवं आमजन की समस्याओं को समझना और उनके समाधान में सहयोग करना है। इसके अंतर्गत छात्राओं को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि वे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अपनी भूमिका निभा सकें। छात्राएँ चयनित गांव में जाकर स्थानीय समस्याओं को समझेंगी तथा उनके समाधान के लिए अपने सुझाव एवं विचार स्थानीय प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेंगी।

